एक्सीडेंट विवाद में फिरौती के लिए अपहरण, राणापुर पुलिस ने 5 लाख रुपये सहित अपहृत को सकुशल कराया मुक्त
झाबुआ जिले के थाना राणापुर पुलिस ने अपहरण एवं फिरौती के एक गंभीर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अपहृत व्यक्ति को सकुशल मुक्त कराया तथा आरोपियों से 5 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व ग्राम बन में मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। दुर्घटना में आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी, जबकि फरियादी पक्ष के व्यक्ति को मामूली चोटें आई थीं। इसी घटना को लेकर आरोपी पक्ष लगातार फरियादी पक्ष पर आर्थिक दबाव बनाते हुए पैसों की मांग कर रहा था। दोनों पक्ष एक ही गांव के निवासी होने के कारण भील पंचायत के माध्यम से भी मामले का समाधान करने का प्रयास किया गया, किन्तु आरोपी पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।
इसी विवाद के चलते आरोपी पक्ष ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर फरियादी पक्ष के सोहन पिता मकना बामनिया (उम्र 42 वर्ष), निवासी लबानिया फलिया, ग्राम बन का अपहरण कर लिया।
फरियादी की सूचना पर थाना राणापुर में अपराध क्रमांक 317/2026 अंतर्गत धारा 115(2), 140(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेन्द्र पाटीदार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह मोहबिया एवं एसडीओपी झाबुआ श्री कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राणापुर श्री दिनेश रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी अपहृत सोहन बामनिया को छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। पुलिस द्वारा रणनीतिक योजना बनाकर आरोपियों को रुपये देने हेतु एक निर्धारित स्थान तय किया गया। जैसे ही आरोपियों ने 5 लाख रुपये प्राप्त कर अपहृत व्यक्ति को छोड़ा, पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा 5 लाख रुपये नगद बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय झाबुआ में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. दिनेश पिता अपसिंह डावर, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम बन
2. गोबा पिता कापसिंह डावर, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम बन
3. अपसिंह पिता पीडू डावर, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम बन
4. रोऊ पिता अपसिंह डावर, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बन
अपहृत व्यक्ति
सोहन पिता मकना बामनिया, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम बन
बरामदगी
• 05 लाख रुपये नगद
सराहनीय योगदान
उक्त सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री दिनेश रावत, उपनिरीक्षक नीलिमा शर्मा, उपनिरीक्षक राहुल भिड़े, चौकी प्रभारी कंजावानी सहायक उपनिरीक्षक मनीष कुमार, सहायक उपनिरीक्षक हिमांशु चौहान, प्रधान आरक्षक तेरसिंह, प्रधान आरक्षक राजू चौहान, आरक्षक ऐलामसिंह, महिला आरक्षक संगीता एवं आरक्षक दिनेश भयड़िया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

keyboard_arrow_up
Skip to content