
प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 16 सितंबर 2026
“ऑपरेशन मर्यादा” के तहत झाबुआ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
ऑपरेशन मर्यादा के तहत अबतक कुल 339 हुड़दंगियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की गई
पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में झाबुआ पुलिस द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन तथा आमजन के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित *“ऑपरेशन मर्यादा” के तहत जिलेभर में लगातार प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है।
ऑपरेशन मर्यादा के तीसरे दिन दिनांक 16.09.2026 को झाबुआ पुलिस द्वारा 60 कार्यवाहियां की गईं, जबकि अभियान के तहत अब तक कुल 339 सख्त वैधानिक कार्यवाहियां की जा चुकी हैं।
इसी क्रम में झाबुआ पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ऐसे वाहन चालकों की विशेष निगरानी और चेकिंग की जा रही है, जिनके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है; साथ ही सोशल मीडिया पर हुड़दंग व स्टंट से जुड़ी रील्स और वीडियो पर पैनी नजर रखते हुए संबंधितों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसके साथ ही झाबुआ पुलिस द्वारा बालक-बालिकाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा एवं जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
अभियान के तहत महिलाओं, छात्राओं एवं आमजन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी एवं निगरानी जारी रहेगी।
“ऑपरेशन मर्यादा” के तहत इन गतिविधियों पर रहेगी विशेष नजर
* खतरनाक स्टंट, तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई।
* महिलाओं एवं छात्राओं से छेड़छाड़, अभद्रता तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई।
* नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई एवं अभिभावकों की जवाबदेही सुनिश्चित करना।
* मोटरसाइकिल पर तीन सवारी एवं बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन के विरुद्ध कार्रवाई।
* संदिग्ध वाहनों एवं वाहन चालकों की प्रभावी जांच।
* विद्यालय, महाविद्यालय, छात्रावास एवं छात्राओं के आवागमन वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं पेट्रोलिंग।
* प्रत्येक थाना क्षेत्र में विशेष टीमों द्वारा सतत पेट्रोलिंग एवं आकस्मिक वाहन चेकिंग।
* चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी।
* सोशल मीडिया पर सामने आने वाले खतरनाक ड्राइविंग एवं स्टंट के वीडियो की निगरानी तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई।
* स्कूल एवं कॉलेज की छुट्टी के समय तथा शाम एवं रात्रि में आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त वाहन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग।
झाबुआ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन मर्यादा” के तहत सुरक्षा, अनुशासन एवं जागरूकता की दिशा में कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।





