प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 18 जुलाई 2026

“नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” अभियान के चौथे दिन झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान, चिन्हित स्थानों पर दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ एवं नशा पुनर्वास केंद्रों की दी गई जानकारी

झाबुआ, 18 जुलाई 2026। माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा एवं मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन में प्रदेशभर में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित 15 दिवसीय “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा अभियान के चौथे दिन जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही रक्षा सखी टीम एवं नशा मुक्ति जागरूकता रथ द्वारा जिलेभर में भ्रमण कर विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों, उसके सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि आवश्यकता होने पर प्रभावित व्यक्तियों को उचित परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

सांदीपनी स्कूल पेटलावद में कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा झाबुआ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान से जुड़कर बच्चों को किसी भी तरह के नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया।

अभियान के अंतर्गत अयोध्या बस्ती झाबुआ, एम.एस. इंग्लिश आश्रम शाला झाबुआ, मेघनगर हाट बाजार, ग्राम पंचायत मिंडल, कर्मचारी आवास कॉलोनी सहित जिले के समस्त थाना क्षेत्रों के चिन्हित स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। हाट-बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर एवं पम्पलेट वितरण, जनसंवाद, नशामुक्ति शपथ तथा संवादात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

अभियान में ब्रह्मकुमारी संस्थान, गायत्री परिवार एवं अन्य विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए झाबुआ पुलिस के इस जनहितैषी अभियान का समर्थन किया। सभी ने समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 29 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 4950 नागरिकों को नशा सेवन के दुष्परिणामों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

झाबुआ पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे के विरुद्ध इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। जनसहयोग एवं सामाजिक सहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

keyboard_arrow_up
Skip to content