प्रेस नोट

झाबुआ पुलिस
दिनांक : 03.11.2026

मेघनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई – UPI फ्रॉड कर ₹70,220 की ऑनलाइन खरीदी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

शिक्षिका के बैंक खाते से निकाली राशि से खरीदा था कैमरा एवं हेलमेट, पुलिस ने दोनों सामग्री की जब्ती की।

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं ऐसे अपराधों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में झाबुआ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

घटना का विवरण :
फरियादिया कैलाशबेन पति रमेश मावी, निवासी ग्राम पतरा, जो प्राथमिक विद्यालय पतरा में वर्ग-3 शिक्षिका के पद पर पदस्थ हैं, ने थाना मेघनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से दिनांक 19.10.2026 को दो अज्ञात UPI ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल ₹70,220/- की राशि निकाल ली गई। फरियादिया द्वारा उक्त ट्रांजेक्शन नहीं किए गए थे। इस संबंध में उनके द्वारा साइबर शाखा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय झाबुआ में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी।

फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना मेघनगर में अपराध क्रमांक 251/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस कार्रवाई :
पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान फरियादिया के मोबाइल एवं ई-मेल की जांच की गई, जिसमें घटना दिनांक को दो ऑनलाइन पार्सल ऑर्डर किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई। पार्सल की ट्रैकिंग आईडी के आधार पर मोजीपाड़ा, झाबुआ स्थित डिलीवरी ऑफिस की जानकारी प्राप्त कर सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए।

सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जिगर पिता सीनु भूरिया, निवासी ग्राम पतरा को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने फरियादिया की UPI आईडी एवं पासवर्ड का अपने मोबाइल में उपयोग कर अमेजन कंपनी से ₹60,995/- कीमत का कैमरा तथा Motocentralindia कंपनी से ₹9,225/- कीमत का हेलमेट ऑनलाइन ऑर्डर किया था। आरोपी द्वारा दिनांक 25.10.2026 को दोनों पार्सल मोजीपाड़ा, झाबुआ स्थित डिलीवरी ऑफिस से प्राप्त किए गए थे।

पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से कैमरा एवं हेलमेट, कुल कीमत ₹70,220/- का मश्रुका जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी :

1. जिगर पिता सीनु भूरिया, निवासी ग्राम पतरा।

सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रमेश चौहान, उनि. ब्रजेन्द्रसिंह छाबरिया, उनि. संजय बघेल, आरक्षक 600 अमित, आरक्षक 643 राजाराम एवं आरक्षक 251 रामसिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आमजन के लिए साइबर सुरक्षा संदेश :
झाबुआ पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपनी UPI आईडी, पासवर्ड, OTP एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने अथवा संदिग्ध गतिविधि होने पर सतर्क रहें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें।

keyboard_arrow_up
Skip to content