
प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 26 जून 2026
साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान जारी
तीसरे दिन 3000 से अधिक विद्यार्थियों एवं नागरिकों को किया गया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 24 जून 2026 से प्रारंभ होकर लगातार विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण करना है।
अभियान के तीसरे दिन रक्षा सखी टीम एवं साइबर जागरूकता रथ के माध्यम से डीआरपी चौराहा, रोटला, कालीदेवी सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग अटैक, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल भुगतान सुरक्षा, पहचान की चोरी तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय विस्तारपूर्वक बताए गए। साथ ही लोगों को यह भी समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें।
अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सेमिनार, कार्यशालाओं एवं संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नागरिकों को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर इनका अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 3000 से अधिक आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रमों में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा दूसरों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल युग में थोड़ी सी सावधानी बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
झाबुआ पुलिस की अपील
झाबुआ पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी निवेश, सोशल मीडिया फ्रॉड या अन्य साइबर अपराध का सामना करना पड़े, तो बिना विलंब किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज कराने से साइबर अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने एवं ठगी गई राशि को वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।
झाबुआ पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे स्वयं जागरूक रहें, अपने परिवार एवं परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत करें तथा सुरक्षित डिजिटल भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।





