प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 27 जून 2026

साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान जारी

चौथे दिन 3800 से अधिक महिलाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को किया गया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 24 जून 2026 से प्रारंभ होकर विभिन्न गतिविधियों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है।

पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही सायबर जागरूकता रथ एवं रक्षा सखी टीम व्दारा चिन्हित स्थानों पर जाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण करना है।

विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, महिला महाविद्यालयों, महिला समूहों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित सेमिनार, कार्यशालाओं एवं संवाद कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, महिलाओं एवं नागरिकों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग अटैक, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, डिजिटल भुगतान सुरक्षा, पहचान की चोरी तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय विस्तारपूर्वक बताए गए।
विशेष जागरूकता सत्रों में

साइबर बुलिंग, मॉर्फिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन शोषण से बचाव, बाल सुरक्षा तथा ऑनलाइन गेमिंग के जोखिमों पर विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं, महिलाओं एवं अभिभावकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने तथा बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

कार्यक्रमों के दौरान यह भी समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 3800 से अधिक महिलाओं विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रमों में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल युग में थोड़ी-सी सावधानी बड़े आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान से बचा सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थी, महिलाएं एवं अभिभावक, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

झाबुआ पुलिस की अपील
झाबुआ पुलिस जिलेवासियों से अपील करती है कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी निवेश, सोशल मीडिया फ्रॉड या अन्य साइबर अपराध का सामना करना पड़े, तो बिना विलंब किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज कराने से साइबर अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने एवं ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

झाबुआ पुलिस नागरिकों से आग्रह करती है कि वे स्वयं जागरूक रहें, अपने परिवार, बच्चों एवं परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत करें तथा सुरक्षित डिजिटल भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

keyboard_arrow_up
Skip to content