
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु झाबुआ पुलिस का फ्लैग मार्च
आगामी त्योहारों के मद्देनज़र जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं नेतृत्व में जिलेभर में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया, एसडीओपी झाबुआ श्री कमलेश शर्मा, रक्षित निरीक्षक श्री अखिलेश राय, थाना प्रभारी कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने नगर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण किया। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का संदेश देते हुए आगामी त्योहारों को सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर ध्यान न देने तथा ऐसी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस की सक्रिय एवं सतर्क उपस्थिति का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया, जिससे नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हुआ।
झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे आगामी त्योहारों को प्रेम, सद्भाव एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं तथा शांति एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
झाबुआ पुलिस आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।





