
आरोह-2026’’ ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का हुआ भव्य समापन
झाबुआ, 16 जून 2026। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, झाबुआ द्वारा आयोजित ‘‘आरोह-2026’’ ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन दिनांक 15 जून 2026 को पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन, झाबुआ में सम्पन्न हुआ। यह शिविर 14 मई 2026 से 15 जून 2026 तक संचालित किया गया।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया ने की तथा रोटरी क्लब अध्यक्ष श्री मनोज पाठक विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जिला खेल अधिकारी श्री विजयकुमार सलाम ने अपने स्वागत उद्बोधन में शिविर के सफल आयोजन हेतु सभी प्रशिक्षकों, समन्वयकों एवं सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी।
उन्होंने बताया कि संचालनालय द्वारा झाबुआ जिले को लघु जिला श्रेणी में रखते हुए जिला मुख्यालय पर 4 खेल तथा प्रत्येक विकासखंड में 2-2 खेलों सहित कुल 14 खेलों की स्वीकृति प्रदान की गई थी। किंतु जिले के विभिन्न खेल संघों के सहयोग से कुल 18 खेलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 685 खिलाड़ियों ने सहभागिता कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर के दौरान खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान एवं प्रोफाइलिंग, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता निर्माण, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा तथा सामाजिक जागरूकता संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। साथ ही परिवार एवं समाज को फिटनेस और संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘आरोह’’ का अर्थ निरंतर आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि झाबुआ जैसे लघु जिले में इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की सहभागिता खेलों के प्रति बढ़ती रुचि का परिचायक है। उन्होंने बताया कि जीवन में सीखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम खेल हैं। खेल व्यक्ति को निर्णय लेने की क्षमता, बेहतर संवाद कौशल, अनुशासन, संयम एवं आत्मविश्वास प्रदान करते हैं, जो व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षण प्रदान करने वाले प्रशिक्षकों को ट्रैक सूट एवं टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी टी-शर्ट वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।
समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया, रक्षित निरीक्षक, रोटरी क्लब अध्यक्ष श्री मनोज पाठक, व्यायाम निर्देशक श्री नरेशराज पुरोहित तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों को अल्पाहार वितरित किया गया तथा श्री नितिन डामर द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





