
झाबुआ पुलिस
प्रेस नोट
दिनांक : 26 जुलाई 2026
थांदला में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, झाबुआ व्दारा नागरिको को नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर “Nomad Indiawala” ने पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के साथ युवाओं से किया नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान
जिलेभर के हाट-बाजारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 24 जागरूकता कार्यक्रम, 2625 से अधिक नागरिक हुए सहभागी
मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को ड्रग्स, नशीली दवाइयों, गांजा, अफीम तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त समाज की स्थापना करना है।
पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार ने सामुदायिक पुलिस पहल ‘सृजन’ के अंतर्गत थाना थांदला क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत उपस्थित आमजन को ड्रग्स, नशीली दवाइयों एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जागरूक किया।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीओपी थांदला श्री राजेश सूलिया, रक्षित निरीक्षक झाबुआ श्री अखिलेश राय, थाना थांदला प्रभारी निरीक्षक श्री अशोक कनेश, रक्षा सखी टीम एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान को अधिक प्रभावी एवं जन-जन तक पहुँचाने के लिए झाबुआ पुलिस द्वारा सोशल मीडिया सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों का भी व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में International Bicycle Traveler एवं प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर “Nomad Indiawala” ने पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के साथ जुड़कर #नशे_से_दूरी_है_ज़रूरी_2_0 अभियान को समर्थन दिया तथा विशेष वीडियो संदेश के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की। इस पहल को सोशल मीडिया पर व्यापक सराहना मिल रही है तथा युवाओं में अभियान के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हो रहा है।
इसी क्रम में आज जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों, प्रमुख बाजारों एवं साप्ताहिक हाट-बाजारों में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। झाबुआ पुलिस की टीमों ने व्यापारियों, दुकानदारों, ग्राहकों एवं ग्रामीण नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान पम्पलेट्स वितरित किए गए तथा नागरिकों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में हो तो उसे उपचार एवं परामर्श हेतु प्रेरित करें।
कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को नशामुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी भी दी गई तथा बताया गया कि नशे से संबंधित किसी भी समस्या, उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास संबंधी सहायता के लिए इस हेल्पलाइन का अधिकाधिक उपयोग किया जा सकता है। पुलिस टीमों ने आमजन से आग्रह किया कि नशे की समस्या को सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए प्रभावित व्यक्तियों को उपचार की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करें।
अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस की रक्षा सखी टीम, नशा मुक्ति जागरूकता रथ तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त जीवन के लाभ तथा सामाजिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। जागरूकता रथ के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संदेशों एवं जनसंवाद के जरिए नागरिकों तक अभियान का संदेश प्रभावी रूप से पहुँचाया जा रहा है।
आज आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति, सामाजिक प्रतिष्ठा तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुँचाता है। साथ ही यह अपराधों की वृद्धि, पारिवारिक विघटन एवं सामाजिक असुरक्षा का प्रमुख कारण बनता है। उपस्थित नागरिकों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
आज जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 24 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 2625 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को खेल, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया तथा समाज के प्रत्येक नागरिक से नशे के विरुद्ध जनआंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की गई।





