झाबुआ जिले में साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” का शुभारंभ
महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” का शुभारंभ 24 जून 2026 से किया गया। यह अभियान 08 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
झाबुआ जिले में अभियान का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
साइबर जागरूकता रथ जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, उनसे बचाव के उपायों तथा साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराएगा।
इस अवसर पर माननीय मंत्री महोदया ने नागरिकों से डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने तथा साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर महोदय ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा ऐसे जागरूकता अभियान समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि झाबुआ पुलिस का लक्ष्य जिले के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचकर उन्हें साइबर ठगी एवं ऑनलाइन अपराधों से सुरक्षित करना है। अभियान के दौरान नागरिकों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि साइबर अपराध होने की स्थिति में वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमें आमजन के बीच पहुंचकर संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगी। इसके साथ ही स्थानीय भाषा में नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्में (शॉर्ट फिल्म्स), साइबर जागरूकता रैलियां एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में आयोजित 10 दिवसीय “सेफ क्लिक” अभियान के दौरान लगभग 16 हजार से अधिक नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप जिले में साइबर अपराधों के प्रति लोगों की सतर्कता बढ़ी तथा साइबर ठगी की घटनाओं में कमी दर्ज की गई।

keyboard_arrow_up
Skip to content