प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 17 जुलाई 2026

“नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” अभियान के तीसरे दिन झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान, विद्यार्थियों एवं आमजन को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

झाबुआ, 17 जुलाई 2026। माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा एवं मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन में प्रदेशभर में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित 15 दिवसीय “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा अभियान के तीसरे दिन जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक करना, समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही रक्षा सखी टीम एवं नशा मुक्ति जागरूकता रथ द्वारा जिलेभर में सतत भ्रमण कर विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों, उसके सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार व्दारा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिटोल में संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि नशा मनुष्य की निर्णय लेने की क्षमता को खत्म कर देता है, जिससे व्यक्ति अपराध जैसे गलत रास्तों पर भटक सकता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाना और उन्हें एक सुरक्षित व उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय झाबुआ, बुनियादी स्कूल, झाबुआ, पी.एम.श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदरानी, कल्याणपुर हाई सेकेंडरी स्कूल, सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, हाट-बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पोस्टर एवं पम्पलेट वितरण, जनसंवाद, नशामुक्ति शपथ, संवादात्मक कार्यक्रम के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, कानूनी प्रावधानों एवं उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया।

अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए झाबुआ पुलिस के इस जनहितैषी अभियान का समर्थन किया। सभी ने समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

जिले के सभी थाना क्षेत्रो में नशा मुक्ति हेतु 20 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 5300 लोगों को नशा सेवन के विरूध्द जागरूक किया गया।

झाबुआ पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे के विरुद्ध इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें, स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। जनसहयोग एवं सामाजिक सहभागिता से ही नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

keyboard_arrow_up
Skip to content