प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 21 जुलाई 2026

‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत जिलेभर में रंगोली, ड्राइंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने पीएम श्री कन्या शासकीय विद्यालय, झाबुआ में विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार नवाचार करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनजागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में अभियान के तहत प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन एवं विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झाबुआ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय अत्यधिक प्रतिस्पर्धा का दौर है, जहाँ प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करनी पड़ती है। तकनीक और मोबाइल के माध्यम से पूरा विश्व एक-दूसरे से जुड़ चुका है, इसलिए युवाओं के लिए सजग और जागरूक रहना पहले से अधिक आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य केवल नशा बेचने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना भी है।

किसी भी सामाजिक बुराई पर केवल कानून के माध्यम से पूर्ण नियंत्रण संभव नहीं है। समाज की सक्रिय भागीदारी, जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही नशे जैसी बुराई को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से “Say No To Drugs” (नशे को कहें ना) का संकल्प लेने तथा झाबुआ को नशामुक्त बनाने के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया साथ ही नशा मुक्त जीवन अपनाने हेतु शपथ दिलाई।

अभियान के अंतर्गत आज जिलेभर में 27 जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से लगभग 5,650 नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

इसके साथ ही मिशन स्कूल झाबुआ, आदर्श कॉलेज झाबुआ सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिता, ड्राइंग प्रतियोगिता एवं निबंध व वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया तथा सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया। साथ ही अभियान में गायत्री परिवार, ब्रम्हकुमारी संस्थान एवं अन्य सामाजिक संस्थानों व्दारा झाबुआ पुलिस के साथ समाज को नशा मुक्त बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे है।

झाबुआ पुलिस का यह अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा। विभिन्न नवाचारों एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर “नशामुक्त झाबुआ” के लक्ष्य को साकार करने का सतत प्रयास किया जाएगा।

keyboard_arrow_up
Skip to content