प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 01 जुलाई 2026

साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के आठवें दिन सोशल मीडिया एवं इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान के आठवें दिन सोशल मीडिया एवं स्थानीय डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही साइबर जागरूकता रथ एवं रक्षा सखी टीम द्वारा गांव-गांव एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

अभियान के आठवें दिन स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के सहयोग से साइबर सुरक्षा संबंधी वीडियो एवं पोस्टर जारी किए गए। CyberDost की जागरूकता सामग्री भी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक रूप से साझा की गई, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंच सके।

इस दौरान नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, डिजिटल भुगतान सुरक्षा तथा साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पोस्ट एवं जागरूकता संदेशों के माध्यम से आमजन को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। नागरिकों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

जिलेभर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान 23 कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 5300 लोगो को जागरूक किया गया।

झाबुआ पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content