
थाना रायपुरिया पुलिस की अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही
थाना रायपुरिया पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से खेत में उगाए गए डोडा युक्त अफीम के 334 पौधे, जिनका कुल वजन लगभग 13.52 किलोग्राम एवं अनुमानित कीमत करीब 50,000 रुपये है, जप्त किए गए हैं तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
थाना रायपुरिया पुलिस को ग्राम गरवाखेड़ी में एक खेत में अवैध रूप से मादक पदार्थ अफीम के पौधे लगाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित खेत की तलाशी ली। तलाशी के दौरान लहसुन के खेत की क्यारियों में अवैध रूप से डोडा युक्त अफीम के पौधे लगे हुए पाए गए।
पुलिस द्वारा मौके से डोडा युक्त अफीम के कुल 334 पौधे, जिनका वजन लगभग 13.52 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत करीब 50,000 रुपये है, जप्त किए गए। अवैध रूप से मादक पदार्थ अफीम की खेती करने के आरोप में आरोपी अंबालाल पिता ऊंकार धनोरिया, निवासी ग्राम गरवाखेड़ी को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में थाना रायपुरिया में अपराध क्रमांक 85/2026 धारा 8/18(सी) एनडीपीएस एक्ट (स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी भेरूलाल की तलाश एवं आगे की विवेचना जारी है।





