झाबुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बस स्टैंड की यातायात व्यवस्था में किया व्यापक सुधार; बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाकर कराया व्यवस्थित

झाबुआ। पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा आम जनता व यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के मुख्य बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने हेतु एक विशेष और प्रभावी कार्रवाई की गई। पूर्व में बस स्टैंड परिसर में ऑटो, निजी वाहनों और बसों के बेतरतीब ढंग से खड़े होने के कारण यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, साथ ही हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार यातायात टीम के सूबेदार धर्मेंद्र पटेल एवं उपनिरीक्षक लोकेंद्र खेड़े ने अपनी टीम के साथ सभी ऑटो चालकों, बस ऑपरेटरों और अन्य वाहन स्वामियों को सख्त हिदायत दी। परिसर में गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों को कतारबद्ध तरीके से निर्धारित पार्किंग और तय लेन में लगवाया गया।
‘बिफोर’ और ‘आफ्टर’ तस्वीरों में दिखा व्यवस्था का बड़ा बदलाव: यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से पहले और बाद (Before & After) की स्थितियों में साफ अंतर देखा जा सकता है। जहाँ पहले बस स्टैंड चौक पर वाहनों के जमावड़े के कारण जाम की स्थिति बन रही थी, अब पूरा परिसर खुला, सुव्यवस्थित और अनुशासित नजर आ रहा है।

झाबुआ पुलिस का मुख्य उद्देश्य बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है। वाहनों के सुव्यवस्थित होने से अब बसों और ऑटो का आवागमन बिना किसी बाधा के हो सकेगा, जिससे संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सकेगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और बस संचालकों से अपील की है कि वे भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखें और अपने वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक व चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।

keyboard_arrow_up
Skip to content