
झाबुआ पुलिस द्वारा थाना थांदला क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
झाबुआ पुलिस द्वारा जिले में जनजागरूकता एवं सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 26 मई 2026 को “जागरूकता अभियान” के अंतर्गत महिला थाना एवं रक्षा सखी की संयुक्त टीम द्वारा थाना थांदला क्षेत्र में थांदला हाट, पीपली चौराहा, पुरानी मंडी में ग्रामीणजनों हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा आपातकालीन सेवा डायल 112 के बारे में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए युवाओं एवं ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बच्चों की शिक्षा के महत्व के संबंध में जागरूक करते हुए उन्हें अपने बच्चों को कम से कम 12वीं कक्षा तक नियमित रूप से शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कम उम्र में बालक-बालिकाओं के विवाह नहीं करने एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की समझाइश दी गई। स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालय भेजने के लिए भी ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम द्वारा साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी एवं APK फाइल डाउनलोड कर धोखाधड़ी करने जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने हेतु विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।
यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की समझाइश दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार के नशा का सेवन कर वाहन न चलाने हेतु जागरूक किया गया।
पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि गांव, गली या मोहल्ले में कोई संदिग्ध अथवा अनजान व्यक्ति दिखाई दे अथवा किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी प्राप्त हो, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखी जा सके।





