सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का आगाज़, झाबुआ पुलिस ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण अभियान

झाबुआ। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महाकुंभ के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के तहत झाबुआ पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिला पुलिस मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन, डीआरपी लाइन झाबुआ में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का प्रथम बैच 01 जून 2026 से 06 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित
अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना रहती है। ऐसे विशाल आयोजन में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा आपदा परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल का प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने बताया कि झाबुआ जिला सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान विभिन्न राज्यों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार की भूमिका निभाएगा। जिले से श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही होगी, जिसके कारण यातायात दबाव, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य चुनौतियां सामने आ सकती हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को इन परिस्थितियों से पूर्व परिचित कराते हुए उन्हें आवश्यक कौशल एवं व्यवहारिक दक्षता प्रदान करना है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनाई जा सके।
उन्होंने पुलिस बल से सेवा, समर्पण एवं संवेदनशीलता की भावना के साथ सिंहस्थ आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी झाबुआ श्री कमलेश शर्मा द्वारा प्रतिभागियों को सॉफ्ट स्किल्स, जनसंपर्क, संवाद कौशल तथा श्रद्धालुओं, विदेशी पर्यटकों एवं वीवीआईपी आगंतुकों के प्रति व्यवहार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। उन्होंने बताया कि किसी भी बड़े आयोजन में पुलिस का व्यवहार आयोजन की छवि को प्रभावित करता है। इसलिए पुलिसकर्मियों का विनम्र, सहायक एवं संवेदनशील व्यवहार अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षक श्री जे.आर. बर्डे द्वारा सिंहस्थ महाकुंभ का विस्तृत परिचय देते हुए उसके धार्मिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक महत्व की जानकारी दी गई। उन्होंने पूर्व सिंहस्थ आयोजनों के अनुभव साझा करते हुए विभिन्न चुनौतियों एवं उनके समाधान के बारे में बताया। साथ ही आयोजन के दौरान पुलिस की भूमिका, दायित्व एवं कार्यप्रणाली पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को पूर्व सिंहस्थ आयोजनों के दौरान सामने आई चुनौतियों, सफल व्यवस्थाओं तथा सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों से भी अवगत कराया जाएगा, जिससे वे भविष्य में बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
झाबुआ पुलिस द्वारा प्रारंभ किया गया यह प्रशिक्षण अभियान सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की व्यापक तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य न केवल पुलिस बल की कार्यकुशलता में वृद्धि करना है, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना भी है। आने वाले समय में इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

keyboard_arrow_up
Skip to content