
झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में जागरूकता अभियान संचालित, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में झाबुआ जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस एवं जनता के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपसी सहयोग से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 01/06/2026 को थाना राणापुर में पीएम श्री कन्या शाला की छात्राओं एवं सांदीपनि विद्यालय के कक्षा प्राइमरी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को थाना भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को थाना परिसर, पुलिस कार्यप्रणाली एवं कानून व्यवस्था संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव, नशामुक्ति, यातायात नियमों के पालन, बालक एवं बालिकाओं को गुड टच एवं बैड टच की जानकारी तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में थाना स्टाफ द्वारा विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि वे किसी भी व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी नंबर, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, मजबूत पासवर्ड रखने एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसके अतिरिक्त झाबुआ पुलिस द्वारा संचालित विशेष जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज चौकी रंभापुर पुलिस टीम तथा रक्षा सखी टीम द्वारा रंभापुर हाट बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को अपने बच्चों को कम से कम 12वीं कक्षा तक नियमित रूप से विद्यालय भेजने, कम उम्र में बालक-बालिकाओं का विवाह नहीं करने तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीणों को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1930, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं डायल 112 की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही नशे के दुष्परिणामों एवं नशामुक्ति हेल्पलाइन संबंधी जानकारी दी गई। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया।





