
पुलिस थाना रायपुरिया द्वारा राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार “ऑपरेशन F.A.C.E. (Facial Authentication Compliance Enforcement)” के अंतर्गत फर्जी सिम कार्ड जारी करने के मामले में महत्वपूर्ण कार्यवाही की गई है।
02.04.2026
Department of Telecommunication (DOT) द्वारा उपलब्ध कराए गए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित Facial Recognition Tool (ASTR) के माध्यम से प्राप्त डाटा के विश्लेषण में पाया गया कि एक ही व्यक्ति के चेहरे (Unique Face) का उपयोग कर वर्ष 2020 से 2022 के बीच कुल 66 मोबाइल सिम अलग-अलग नाम एवं पते से सक्रिय कराए गए थे। उक्त व्यक्ति की पहचान होने पर पुलिस अधीक्षक श्री शिव दयाल सिंह के द्वारा थाना प्रभारी रायपुरिया को कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया ।
जांच में सामने आया कि इन 66 सिम एक ही व्यक्ति, पुरुषोत्तम पिता रामनारायण पाटीदार निवासी रामनगर, का फोटो लगा हुआ है, जबकि नाम अलग-अलग दर्ज किए गए हैं। इन सिम कार्डों का सत्यापन (Verification) एजेंट योगेश पिता बाबूलाल पाटीदार निवासी जामली द्वारा किया गया।
आरोपियों द्वारा आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी आधार कार्ड तैयार कर, उन पर एक ही व्यक्ति का फोटो लगाकर, अलग-अलग नामों से सिम कार्ड जारी कराए गए। इस कार्य में दोनों आरोपियों की मिलीभगत पाई गई, जिनके द्वारा अवैध लाभ अर्जित किया गया।
उपरोक्त तथ्यों के आधार पर आरोपीगण पुरुषोत्तम पाटीदार निवासी रामनगर एवं योगेश पाटीदार निवासी जामली के विरुद्ध थाना रायपुरिया पर अपराध क्रमांक 122/2026 अंतर्गत धारा 419, 420, 468, 471 भादवि, 66(सी) आईटी एक्ट एवं 42(3)(e), 42(6) दूरसंचार अधिनियम 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
प्रकरण की विवेचना निरीक्षक गीता जाटव, थाना प्रभारी रायपुरिया द्वारा की जा रही है। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
—00—





