
चौकी उमरकोट और मोर डुंडिया में ‘जनजागरूकता कार्यक्रम’ आयोजित; ग्रामीणों को दिए साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और नशामुक्ति के मंत्र
पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण, जनजागरूकता तथा सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झाबुआ पुलिस द्वारा निरंतर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में चौकी उमरकोट (थाना कालीदेवी), महिला थाना और ‘रक्षा सखी’ की संयुक्त टीम द्वारा ग्रामीण अंचलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चौकी उमरकोट और चौकी मोर डुंडिया में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा शामिल हुए, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को आत्मरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति सजग करते हुए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा आपातकालीन सेवा डायल 112 की कार्यप्रणाली समझाई गई और संकट के समय इनका उपयोग करने का आह्वान किया गया। इसके साथ ही पुलिस टीम ने बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को कम से कम 12वीं कक्षा तक अनिवार्य व नियमित रूप से पढ़ाएं तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालय भेजें। टीम ने दो टूक शब्दों में ‘बाल विवाह’ जैसी सामाजिक कुरीति से दूर रहने की चेतावनी दी और बाल विवाह को बढ़ावा देने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही।
बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने के उपाए बताए गए। पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, लॉटरी फ्रॉड और अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। ग्रामीणों को सचेत किया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें और यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराए। इसके अतिरिक्त, युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया तथा यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने नागरिकों से विशेष अपील की कि यदि गांव या मोहल्ले में कोई भी संदिग्ध या अनजान व्यक्ति दिखाई दे, अथवा किसी भी प्रकार की अवैध व आपराधिक गतिविधि की भनक लगे, तो बिना डरे तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें। पुलिस द्वारा सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।





