
प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 28/05/2026
पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेन्द्र पाटीदार के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत आज चौकी पारा थाना झाबुआ के प्रभारी एवं स्टॉफ तथा रक्षा सखी टीम द्वारा पारा हाट सदर बाजार क्षेत्र में ग्रामीणों एवं आमजन को विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को अपने बच्चों को कम से कम 12वीं कक्षा तक विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित किया गया तथा कम उम्र में बालक/बालिकाओं का विवाह नहीं करने की समझाइश दी गई। साथ ही जिन बच्चों ने पढ़ाई छोड़ दी है, उन्हें पुनः स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, बैंक खाते की जानकारी लेकर धोखाधड़ी, ओटीपी मांगकर पैसे निकालना, सोशल मीडिया अकाउंट हैक करना, फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक करना, ऑनलाइन लोन ऐप, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, बैंक खाता नंबर, एटीएम पिन, सीवीवी अथवा आधार संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें।
ग्रामीणों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा नजदीकी पुलिस थाना में सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर राशि को सुरक्षित कराया जा सके। साथ ही साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
इसके अतिरिक्त महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं डायल-112 की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में समझाया गया तथा नशामुक्ति हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि बाइक चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करें।
ग्रामीणों को यह भी समझाइश दी गई कि यदि गली, मोहल्ले अथवा गांव में कोई भी अनजान व्यक्ति संदिग्ध रूप से घूमता दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही महिला अपराधों से संबंधित जानकारी देकर महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।





