पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने किया साप्ताहिक परेड का निरीक्षण; उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत, सुनीं समस्याएं
झाबुआ | 29 मई 2026
आज जिला पुलिस लाइन झाबुआ में आयोजित साप्ताहिक जनरल परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली तथा उपस्थित समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन एवं परेड की समग्र व्यवस्था का सूक्ष्म एवं गहन निरीक्षण किया। परेड के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट एवं सराहनीय अनुशासन प्रदर्शित करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार ने परेड की गुणवत्ता, समन्वय एवं अनुशासन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन, टीम भावना एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

इसके पश्चात उन्होंने पुलिस लाइन स्थित वाहन शाखा का भी निरीक्षण कर शासकीय वाहनों के रखरखाव, उनकी फिटनेस, ईंधन रिकॉर्ड और तकनीकी स्थिति की बारीकी से जांच की। उन्होंने चालकों को वाहनों की समय पर सर्विसिंग कराने तथा आपातकालीन परिस्थितियों के लिए वाहनों को सदैव अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने शस्त्रागार (आर्मरी) का भी जायजा लिया और हथियारों की साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक श्री अखिलेश राय सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

keyboard_arrow_up
Skip to content