
थाना थांदला पुलिस द्वारा 111 पेटी अवैध शराब एवं आयशर वाहन जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार
झाबुआ पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों, शराब तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु लगातार समस्त थाना प्रभारियों को सघन वाहन चेकिंग एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।
दिनांक 31 मई 2026 को थाना थांदला पुलिस द्वारा अवैध मदिरा परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 111 पेटी शराब एवं एक आयशर वाहन जप्त किया गया। मामले में वाहन चालक सुरेश कुमार पिता छगन राम, निवासी रामसरिया बायडू, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है।
थांदला पुलिस को रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध वाहन तीमारवानी की ओर से परवलिया की तरफ अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी अशोक कनेश व उनकी टीम द्वारा मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई।
प्रारंभिक तलाशी में वाहन खाली दिखाई दिया, किन्तु पुलिस दल द्वारा वाहन का बारीकी से निरीक्षण करने पर पाया गया कि वाहन की छत में अतिरिक्त प्लाई लगाकर गुप्त रूप से शराब की पेटियां रखने के लिए विशेष स्थान बनाया गया था, जिसे तिरपाल से ढंक रखा गया था।
रात्रि अधिक होने के कारण वाहन को थाना परिसर लाकर विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान वाहन से विभिन्न कंपनी की कुल 111 पेटी शराब बरामद की गई, बरामद शराब की कुल मात्रा 1234.5 बल्क लीटर पाई गई। पुलिस द्वारा एक आयशर वाहन सहित सम्पूर्ण मशरूका जप्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹30,53,000 (तीस लाख तिरेपन हजार रुपये) है। साथ ही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
सराहनीय कार्य
थाना प्रभारी थाना थांदला श्रीअशोक कनेश, उप निरीक्षक कुंवर सिंह रावत, सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार शुक्ला, प्रधान आरक्षक राजेंद्र रावत का सराहनीय योगदान रहा।





