पुलिस अधीक्षक झाबुआ द्वारा साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन
आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने तथा उन्हें समय पर न्याय दिलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेन्द्र पाटीदार द्वारा नियमित रूप से साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। जनसुनवाई में जिले के दूर-दराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादी सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी शिकायतें प्रस्तुत कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जा रहा है तथा उनके शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 02 जून 2026 को आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान हेतु निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने कई मामलों में तत्परता दिखाते हुए फोन के माध्यम से तत्काल निराकरण सुनिश्चित कराया। मौके पर ही समस्याओं का समाधान होने से दूर-दराज से आए आवेदकों में संतोष एवं विश्वास का भाव देखने को मिला।
इस जनसुनवाई में महिला सुरक्षा एवं उनके अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। प्राप्त आवेदनों में महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय ने संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े प्रत्येक मामले में पूर्ण संवेदनशीलता बरती जाए तथा वैधानिक कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
जिन शिकायतों का निराकरण मौके पर संभव नहीं हो सका, उन्हें तत्काल संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को अग्रेषित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित आवेदनों की जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में पीड़ितों को न्याय सुनिश्चित किया जाए।

keyboard_arrow_up
Skip to content