
झाबुआ जिले को प्राप्त हुए नए 110 पुलिस आरक्षक
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में 7,500 आरक्षक पदों हेतु भर्ती प्रक्रिया की गई। उक्त भर्ती प्रक्रिया अनुसार जिला झाबुआ को कुल 110 आरक्षक जिला झाबुआ को प्राप्त हुए। इनमें से 105 अभ्यर्थी पात्र पाए गए जाने पर नियुक्ति आदेश जारी किए गए। नियुक्ति आदेश जारी किए जाने पर 94 अभ्यर्थियों ने जिला पुलिस लाइन झाबुआ में आमद दर्ज कराई। आमद होने के उपरांत उक्त आरक्षकों को पुलिस लाईन में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय/शाला में जाने के पूर्व पुलिस लाईन झाबुआ में सामान्य निर्देशों से अवगत करवाया गया।
आज दिनांक 12-6-2026 को उक्त नव नियुक्त 94 नव आरक्षकों को पुलिस कम्यूनिटी हॉल डीआरपी लाईन झाबुआ में पुलिस अधीक्षक झाबुआ, श्री देवेंद्र कुमार पाटीदार (भा.पु.से.) द्वारा नियुक्ति सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
श्री देवेंद्र कुमार पाटीदार (भा.पु.से.) द्वारा नव नियुक्त आरक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पुलिस सेवा के दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, पुलिस की कार्यप्रणाली को गहराई से समझने तथा उसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण शाला में उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्राप्त करने एवं सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक एवं सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही पुलिस अधीक्षक झाबुआ ने कहा कि नव नियुक्त आरक्षकों के सामने लगभग 40 वर्षों की सेवा अवधि है। नव आरक्षकों को पुलिस कार्यप्रणाली, अनुशासन, नियमों एवं सेवा मूल्यों को गंभीरता से सीखते हुए स्वयं को एक कुशल एवं जिम्मेदार पुलिसकर्मी के रूप में विकसित करना चाहिए ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री कमलेश शर्मा एवं रक्षित निरीक्षक श्री अखिलेश राय ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने नव आरक्षकों को पुलिस सेवा में रहते हुए परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सेवा करने, अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा नियमित दिनचर्या बनाए रखने के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। शीघ्र ही ये सभी नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण हेतु विभिन्न पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालयों में जांएगे तथा लगभग एक वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त कर पुनः जिला पुलिस झाबुआ में अपने कर्तव्य पर उपस्थित होंगे । परिणामस्वरूप जिला पुलिस के बल में और अधिक वृद्धि परिलक्षित होगी।





