
आमजन की समस्याओं के निराकरण हेतु पुलिस अधीक्षक की साप्ताहिक जनसुनवाई में 76 प्रकरणों की सुनवाई
आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेन्द्र पाटीदार द्वारा प्रत्येक मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नियमित साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इस पहल के माध्यम से जिले के दूर-दराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले फरियादी सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कर रहे हैं।
आज आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से कुल 76 शिकायतकर्ता अपनी फरियाद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से जमीनी विवाद, पारिवारिक विवाद, लड़ाई-झगड़ा, मारपीट, महिलाओं से संबंधित प्रकरण तथा अन्य सामाजिक एवं आपराधिक मामलों से जुड़े आवेदन शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ सुनते हुए उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल हस्तक्षेप करते हुए मौके पर ही समस्याओं के समाधान के प्रयास किए गए, जिससे शिकायतकर्ताओं में संतोष एवं विश्वास का भाव देखने को मिला।
महिला सुरक्षा एवं उनके अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े प्रत्येक प्रकरण में पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिन शिकायतों का निराकरण तत्काल संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को अग्रेषित कर निष्पक्ष जांच एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण कर पीड़ितों को न्याय दिलाने हेतु सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
झाबुआ पुलिस आमजन की समस्याओं के निराकरण तथा जनविश्वास को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। साप्ताहिक जनसुनवाई का यह क्रम भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।





