प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 02 जुलाई 2026

साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” का नौवां दिन
व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं बाजारों में साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान के नौवें दिन जिले के पेट्रोल पंप, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, मंडियों, बाजार एवं विभिन्न दुकानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान व्यापारियों एवं आम नागरिकों को QR कोड फ्रॉड, ऑनलाइन भुगतान सुरक्षा एवं डिजिटल लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी गतिविधियाँ लगातार संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही साइबर जागरूकता रथ एवं रक्षा सखी टीम द्वारा गांव-गांव एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पहुँचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए जा रहे हैं।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, डिजिटल भुगतान सुरक्षा तथा साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या क्यूआर कोड को स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। नागरिकों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

अभियान के नौवें दिन जिलेभर में 27 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 4700 नागरिकों को साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

झाबुआ पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सुरक्षित एवं सशक्त डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content