प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 07 जुलाई 2026

साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान जारी
अभियान के 14वें दिन विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने ली साइबर सुरक्षा शपथ, स्कूलो कॉलेजों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर डिजिटल सुरक्षा का दिया संदेश

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में निरंतर व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। 24 जून 2026 से प्रारंभ इस अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल वातावरण का निर्माण करना है।

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही साइबर जागरूकता रथ एवं रक्षा सखी टीम द्वारा गांव-गांव, शैक्षणिक संस्थानों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की जानकारी दी जा रही है।

अभियान के 14वें दिन “साइबर सुरक्षा शपथ, मैराथन एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहने एवं अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सुरक्षित ऑनलाइन UPI लेन-देन के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया गया। बताया गया कि किसी भी अज्ञात QR Code को स्कैन न करें, भुगतान प्राप्त करने के नाम पर कभी भी अपना UPI PIN दर्ज न करें तथा किसी भी ऑनलाइन भुगतान से पूर्व प्राप्तकर्ता की जानकारी का सत्यापन अवश्य करें।

झाबुआ पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से भी लगातार साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP, पासवर्ड, UPI PIN, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी अथवा अन्य व्यक्तिगत वित्तीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का सामना करना पड़े तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराएं।

आज आयोजित जागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में 19 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 2900 नागरिकों को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “डिजिटल युग में थोड़ी-सी सतर्कता बड़े आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान से बचा सकती है।” उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों, वरिष्ठ नागरिकों एवं शासकीय कर्मचारियों से साइबर सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

keyboard_arrow_up
Skip to content