प्रेस नोट

झाबुआ पुलिस
दिनांक : 16 जुलाई 2026

झाबुआ पुलिस द्वारा 15 दिवसीय नशा मुक्ति अभियान “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” के दूसरे दिन जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान

झाबुआ, 16 जुलाई 2026। माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा तथा मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन में प्रदेशभर में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित 15 दिवसीय “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा दूसरे दिन भी जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाना, युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा जनसामान्य को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित करना है।

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही रक्षा सखी टीम एवं नशा मुक्ति जागरूकता रथ द्वारा जिलेभर में सतत भ्रमण कर आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है तथा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने थाना कालीदेवी क्षेत्रांतर्गत शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, रामा में छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को नशीले पदार्थों के सेवन के प्रति स्पष्ट रूप से “ना” कहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर नशामुक्ति हेतु शपथ दिलाई गई।

इसी क्रम में एसडीओपी झाबुआ श्री कमलेश शर्मा, गायत्री परिवार एवं ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रतिनिधियों ने मिशन स्कूल, झाबुआ में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाई तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

अभियान के दौरान जिले के समस्त थाना चौकी क्षेत्र में चिन्हित स्थानों, हाट-बाजारों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर, पम्पलेट, जनसंवाद, नशामुक्ति शपथ एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों तथा उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी पुलिस के साथ मिलकर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

झाबुआ पुलिस का यह सतत प्रयास रहेगा कि “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” अभियान के माध्यम से जनसहयोग एवं सामाजिक सहभागिता के साथ जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएं तथा एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content