
प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 29 जुलाई 2026
‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोच, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, धार्मिक स्थलों पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से किया गया जागरूक, जिलेभर में 15 कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 1790 नागरिकों तक पहुंचा अभियान
झाबुआ पुलिस व्दारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में जिलेभर में लगातार जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, खेल परिसरों, धार्मिक स्थलों, कृषि संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों, कोच, खिलाड़ियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आमजन को ड्रग्स, अफीम, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
साथ ही झाबुआ पुलिस की रक्षा सखी जागरूकता टीम एवं नशा मुक्ति जागरूकता रथ द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सतत भ्रमण कर आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आज आयोजित प्रमुख कार्यक्रमों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कलमोडा, पीएम श्री एकीकृत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रातितलाई (थाना झाबुआ), गायत्री शक्तिपीठ, पिपलखूटा मंदिर परिसर, आवासीय कन्या विद्यालय परिसर पिटोल, किसान समृद्धि केंद्र पेटलावद सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 15 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 1790 नागरिकों को अभियान से जोड़ते हुए नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया।





