प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 24 सितंबर 2026

8 लेन एक्सप्रेसवे पर पथराव की घटनाओं की रोकथाम को लेकर पुलिस-प्रशासन ने ली ग्राम स्तरीय बैठक

तड़वी, सरपंच, कोटवार, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं ग्राम के प्रबुद्धजनों से किया संवाद

संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की गोपनीय सूचना पुलिस को देने तथा ग्राम रक्षा समिति को सक्रिय रहने की अपील

झाबुआ। 8 लेन एक्सप्रेसवे पर पथराव की घटनाओं की रोकथाम एवं एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से 8 लेन हाईवे से लगे ग्रामों के तड़वी, सरपंच, कोटवार, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं ग्राम के प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया द्वारा ग्रामवासियों से संवाद करते हुए 8 लेन एक्सप्रेसवे पर होने वाली पथराव की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों से सक्रिय रहकर पुलिस का सहयोग करने तथा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने की अपील की।

बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा की गई कि पथराव की घटनाओं में कौन-कौन लोग संलिप्त हो सकते हैं तथा क्षेत्र में ऐसे कौन से असामाजिक तत्व हैं, जो इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों से ऐसे व्यक्तियों के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी गोपनीय रूप से पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गई।

बैठक में उपस्थित सभी सरपंचों को कहा गया कि वे अपने-अपने ग्रामों में भी ग्रामीणों, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की बैठक लेकर 8 लेन एक्सप्रेसवे पर होने वाली पथराव की घटनाओं की रोकथाम के संबंध में चर्चा एवं जागरूकता सुनिश्चित करें तथा ऐसी घटनाओं से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महोबिया ने कहा कि पथराव जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस एवं ग्रामवासियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

बैठक में नायब तहसीलदार श्री राजेश जमरा, एसडीओपी थांदला श्री राजेश सुलिया, थाना प्रभारी थांदला निरीक्षक श्रीमती तारा मंडलोई, चौकी प्रभारी खवासा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित ग्रामों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

झाबुआ पुलिस द्वारा 8 लेन एक्सप्रेसवे की सुरक्षा, पथराव की घटनाओं की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन एवं ग्रामीणों के समन्वय से सतत निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

keyboard_arrow_up
Skip to content