प्रेस नोट
दिनांक: 21 अक्टूबर 2026

पुलिस स्मृति दिवस परेड में वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने ली परेड की सलामी, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को किया नमन

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देश की सुरक्षा एवं कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस शहीदों की स्मृति में आज दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन झाबुआ स्थित परेड ग्राउंड में शहीद स्मृति दिवस परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा परेड की सलामी ली गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने विगत वर्ष दिनांक 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए देश के कुल 154 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। इनमें मध्यप्रदेश पुलिस के 09 वीर एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हैं, जिन्होंने देश एवं समाज की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

श्रद्धांजलि समारोह में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर, प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय झाबुआ श्री अनुराग द्विवेदी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेंद्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त डिप्टी कलेक्टर श्री सुनील डावर, कमांडेंट होमगार्ड झाबुआ श्री विनोद ओशोगौतम, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी झाबुआ श्रीमती मोनिका सिंह, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पेटलावद सुश्री अनुरक्ति साबनानी, उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री कमलेश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक महिला प्रकोष्ठ झाबुआ सुश्री आशा सोलंकी, रक्षित निरीक्षक श्री अखिलेश राय, शहीद स्वर्गीय श्री बाबू शंकर शुक्ला की पत्नी श्रीमती सरला शुक्ला, रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, समस्त थाना प्रभारी, कार्यालयीन स्टाफ, पुलिस लाइन एवं एसएएफ बल के जवान, गणमान्य नागरिक तथा पत्रकारगण उपस्थित रहे।

पुलिस स्मृति दिवस का ऐतिहासिक महत्व

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में सीमा सुरक्षा के लिए तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक गश्ती दल पर चीनी सैनिकों द्वारा घात लगाकर हमला किया गया था। इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के 10 वीर जवान शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों के बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा में पुलिस बलों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा अन्य गणमान्यजनों द्वारा पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पमालाएं अर्पित कर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों को पुलिस स्मृति दिवस के महत्व, पुलिस बल की भूमिका तथा शहीदों के सर्वोच्च बलिदान के संबंध में जानकारी देकर उनमें देशप्रेम, राष्ट्रसेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया।

झाबुआ पुलिस वीर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र एवं आमजन की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।

keyboard_arrow_up
Skip to content