
प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 25 जुलाई 2026
‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत झाबुआ पुलिस द्वारा व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक झाबुआ व्दारा आदर्श ग्रामीण पटेल संघ की बैठक में दिया नशे से दूर रहने का संदेश।
पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में जिले में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत नशे के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को ड्रग्स, नशीली दवाइयों, गांजा, अफीम एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में आज झाबुआ मंडी परिसर में आयोजित आदर्श ग्रामीण पटेल संघ की बैठक में जिला कलेक्टर झाबुआ श्री योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार की उपस्थिति में उपस्थित पटेल समाज के प्रतिनिधियों को नशे के दुष्परिणामों एवं उससे बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा समाज के प्रबुद्धजनों से अपील की गई कि वे अपने परिवार, समाज एवं गांवों में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक के दौरान उपस्थितजनों को नशामुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी देते हुए नशे से संबंधित समस्याओं के समाधान एवं परामर्श हेतु हेल्पलाइन का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जागरूकता संबंधी पम्पलेट्स का वितरण भी किया गया।
इसके अतिरिक्त महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण के संबंध में महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं आपातकालीन सहायता हेतु डायल 112 की जानकारी देते हुए नागरिकों से आग्रह किया गया कि वे इन महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक भी अवश्य पहुंचाएं।
अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस की रक्षा सखी टीम, नशा मुक्ति जागरूकता रथ एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सतत भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त जीवन के लाभ एवं समाज में नशे के विरुद्ध सामूहिक जनजागरूकता की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी जा रही है।
इसी कड़ी में आज महिला एवं बाल विकास विभाग के शौर्य दल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी सहायिकाओं तथा ग्राम एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों के सहयोग से जिले के विभिन्न ग्रामों एवं नगर क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान आमजन को नशे से होने वाली बीमारियों, पारिवारिक विघटन, आर्थिक हानि, अपराधों में वृद्धि तथा युवाओं के भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी देकर नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
आज जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 20 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 2010 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को नशे के विरुद्ध संगठित होकर कार्य करने, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।





