प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 23 जुलाई 2026

‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान

माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा एवं मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित 15 दिवसीय “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अभियान को जिले के प्रत्येक गाँव, कस्बे एवं नगर तक पहुँचाया जा रहा है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके।

अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा प्रतिदिन नवाचार आधारित कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को यह संदेश दिया जा रहा है कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज एवं आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। इसी उद्देश्य से पुलिस टीमों द्वारा सीधे नागरिकों के बीच पहुँचकर संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा उन्हें नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज जिले के चौकी पारा, चौकी हरीनगर, चौकी परवलिया, बस स्टैंड बामनिया, रेलवे स्टेशन बामनिया, पेटलावद कस्बा सहित विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को ड्रग्स, स्मैक, गांजा, अफीम, नशीली दवाइयों एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति की कार्यक्षमता को कम करती है, मानसिक संतुलन को प्रभावित करती है तथा अनेक गंभीर अपराधों एवं सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण भी बनती है। इसके अतिरिक्त नशे के कारण परिवारों में आर्थिक संकट, घरेलू विवाद तथा सामाजिक विघटन जैसी गंभीर समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान युवाओं एवं विद्यार्थियों को विशेष रूप से संबोधित करते हुए बताया गया कि नशा जीवन के सपनों, शिक्षा, रोजगार एवं उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। युवाओं से खेल, शिक्षा, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया गया, ताकि वे स्वयं भी स्वस्थ एवं सफल जीवन जी सकें तथा समाज के लिए प्रेरणा बनें।

पुलिस टीमों द्वारा नागरिकों को यह भी समझाया गया कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से ग्रसित है अथवा कहीं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन अथवा तस्करी की जानकारी प्राप्त होती है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। नागरिकों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर विधिसम्मत एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के अंतर्गत आज जिलेभर में 7 जनजागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से लगभग 500 नागरिकों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

झाबुआ पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा। विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों, संवाद, रैलियों, शपथ कार्यक्रमों एवं अन्य नवाचारों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया जाएगा। झाबुआ पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना ही नहीं, बल्कि समाज को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से मुक्त कर एक सुरक्षित, स्वस्थ एवं समृद्ध वातावरण का निर्माण करना है। “नशामुक्त झाबुआ” के संकल्प को जनसहभागिता के माध्यम से साकार करने हेतु झाबुआ पुलिस पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

keyboard_arrow_up
Skip to content