झाबुआ पुलिस
प्रेस नोट
दिनांक : 24 जुलाई 2026

‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान

थाना एवं चौकी परिसरों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, एवं ग्राम नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, तडवी, सरपंचो, आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विभिन्न नवाचारों के माध्यम से आमजन को नशे के विरुद्ध जागरूक किया जा रहा है।

अभियान के तहत आज जिले के समस्त थाना एवं चौकी परिसरों में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, ग्रामों के तड़वी, सरपंच, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणजनों की सहभागिता रही। कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उपस्थित नागरिकों को ड्रग्स, अफीम, गांजा, नशीली दवाइयों तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से शरीर, मानसिक स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही मादक पदार्थों के अवैध कारोबार अथवा नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।

अभियान के अंतर्गत रक्षा सखी पुलिस टीम, नशा मुक्ति रथ एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से भी व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। रक्षा सखी टीम एवं नशा मुक्ति रथ द्वारा जिले में सतत भ्रमण कर आमजन तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया तथा नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

आज जिलेभर में आयोजित 27 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 2365 नागरिकों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया, वहीं उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज निर्माण में सहयोग देने का संकल्प भी लिया।

keyboard_arrow_up
Skip to content