
प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 27 जुलाई 2026
‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत छात्रावासों, धार्मिक संस्थानों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान
25 जागरूकता कार्यक्रमों में लगभग 2645 नागरिक हुए शामिल, नशामुक्त समाज निर्माण का लिया संकल्प
मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को ड्रग्स, नशीली दवाइयों, गांजा, अफीम तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही जनसहभागिता के माध्यम से जिले को नशामुक्त बनाने का संदेश भी प्रभावी रूप से पहुँचाया जा रहा है।
अभियान के तहत आज जिले के विभिन्न छात्रावासों, धार्मिक संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों (इंडस्ट्रियल एरिया) सहित सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित विद्यार्थियों, श्रमिकों, धार्मिक संस्थानों से जुड़े नागरिकों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी भी प्रदान की गई तथा बताया गया कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास संबंधी सहायता के लिए इस हेल्पलाइन का निःसंकोच उपयोग किया जा सकता है। पुलिस टीमों ने आमजन से अपील की कि नशे की समस्या को केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए प्रभावित व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करें।
इसी क्रम में झाबुआ पुलिस की रक्षा सखी टीम, नशा मुक्ति जागरूकता रथ एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त जीवन के लाभ तथा समाज की सहभागिता के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। जागरूकता रथ के माध्यम से ऑडियो-वीडियो संदेश, जनसंवाद एवं प्रेरणादायी संदेशों के जरिए अभियान को जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है।
जागरूकता कार्यक्रमों में बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति, सामाजिक प्रतिष्ठा एवं युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुँचाता है। नशे की प्रवृत्ति अपराधों में वृद्धि, पारिवारिक विघटन तथा सामाजिक असुरक्षा का प्रमुख कारण बनती है। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त झाबुआ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
आज जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 25 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 2645 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया तथा समाज के प्रत्येक नागरिक से “नशे के विरुद्ध जनआंदोलन” का सक्रिय भागीदार बनने की अपील की गई।
झाबुआ पुलिस का “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न नवाचारों एवं जनसहभागिता के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक नागरिक नशे के विरुद्ध जागरूक होकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।





