
प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 29 जून 2026
साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत झाबुआ पुलिस व्दारा अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं जनसेवा केंद्रों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
छठे दिन अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं जनसेवा केंद्रों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
• साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं NCRP पोर्टल की दी गई जानकारी।
• ऑनलाइन ठगी से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश।
• लगभग 4000 नागरिक हुए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 24 जून 2026 से प्रारंभ होकर विभिन्न गतिविधियों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही साइबर जागरूकता रथ एवं रक्षा सखी टीम द्वारा गांव-गांव तथा चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के छठे दिन जिले के विभिन्न अस्पतालों, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा जनसेवा केंद्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, डिजिटल भुगतान सुरक्षा तथा साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पूर्व उसकी सत्यता अवश्य जांचें तथा किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) अथवा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने एवं अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में थोड़ी-सी सतर्कता बड़े आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान से बचा सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थी, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं अभिभावक, साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
झाबुआ पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित एवं सशक्त डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।





