प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 30 जून 2026

साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत झाबुआ पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान जारी

सातवें दिन साइबर सुरक्षा रैली, नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 3,500 से अधिक नागरिकों को किया गया जागरूक
• साइबर सुरक्षा रैली का आयोजन।
• साइबर अपराध से बचाव संबंधी संदेशों का व्यापक प्रसार।
• प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 24 जून 2026 से प्रारंभ होकर विभिन्न गतिविधियों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है।

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही साइबर जागरूकता रथ एवं रक्षा सखी टीम द्वारा गांव-गांव एवं चिन्हित सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रमों के दौरान ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, डिजिटल भुगतान सुरक्षा तथा साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पूर्व उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि डिजिटल युग में थोड़ी-सी सतर्कता बड़े आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान से बचा सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थी, महिलाएं एवं अभिभावक, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

झाबुआ पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content