प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 25 जून 2026

साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत झाबुआ पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशव्यापी 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” का संचालन 24 जून 2026 से किया जा रहा है। इसी क्रम में झाबुआ जिले में पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया के मार्गदर्शन में जिलेभर में साइबर सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दूसरे दिन रक्षा सखी टीम एवं साइबर जागरूकता रथ के माध्यम से शासकीय कन्या हाई स्कूल, (बुनियादी) थाना झाबुआ, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चौकी पारा सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में स्थित स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों एवं नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी लिंक, साइबर ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं डिजिटल सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही निम्न गतिविधियों का आयोजन किया गया—

स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य संस्थानों में सेमिनार एवं कार्यशालाएं आयोजित कर CyberDost, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के संबंध में जानकारी देकर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।इस दौरान लगभग 2400 विद्यार्थियों व आमजन को जागरूक किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की शपथ भी दिलाई गई।

झाबुआ पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी अथवा ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

keyboard_arrow_up
Skip to content