
प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 21 जुलाई 2026
साप्ताहिक जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक झाबुआ ने सुनी 61 आवेदकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
• आमजन की समस्याओं के प्रभावी निराकरण हेतु प्रत्येक मंगलवार को आयोजित हो रही नियमित जनसुनवाई।
• दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने संवेदनशीलता के साथ की सुनवाई।
• “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जनसुनवाई में आए नागरिकों ने सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेकर नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया।
झाबुआ पुलिस द्वारा आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से निरंतर जनहितैषी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय झाबुआ में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 61 आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
इस नियमित जनसुनवाई के माध्यम से जिले के दूर-दराज एवं ग्रामीण अंचलों से आए पीड़ित और फरियादी सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी समस्याएं रख रहे हैं, जिससे पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, आपसी लड़ाई-झगड़े, मारपीट तथा सामाजिक एवं आपराधिक मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक की बात निष्पक्षता एवं धैर्यपूर्वक सुनी तथा प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधीनस्थ अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
झाबुआ पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं महिला सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े प्रत्येक प्रकरण में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान कई संवेदनशील एवं तात्कालिक मामलों में पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से फोन पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए, जिससे कई आवेदकों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ हो सकी। जिन प्रकरणों का मौके पर निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को निष्पक्ष जांच एवं विधिसम्मत कार्रवाई हेतु अग्रेषित किया गया। साथ ही सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसी अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जनसुनवाई में आए नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेकर नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
झाबुआ पुलिस आमजन की समस्याओं के प्रभावी निराकरण एवं “देशभक्ति-जनसेवा” के अपने मूलमंत्र को चरितार्थ करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। साप्ताहिक जनसुनवाई का यह क्रम भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक पीड़ित को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी न्याय मिल सके।





