प्रेस नोट
झाबुआ पुलिस
दिनांक : 28 जुलाई 2026
सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने अवैध देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस सहित किया गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध झाबुआ पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 27 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति हाथ में देशी कट्टा लहराते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के पालन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान परबल उर्फ प्रबल उर्फ अश्विन पिता जुवान सिंह मैड़ा (उम्र 24 वर्ष), निवासी ग्राम बागनेरा, थाना कालीदेवी, हाल निवासी आमली फलिया एवं किशनपुरी, थाना कोतवाली, जिला झाबुआ के रूप में की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर राणापुर रोड से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस संबंध में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 713/2026 अंतर्गत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो साझा करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे समाज में भय एवं असुरक्षा का वातावरण भी निर्मित होता है। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
झाबुआ पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के विरुद्ध तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





